1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. महाशिवरात्रि 2026: महाकाल दर्शन की व्यवस्था तय, 10 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना

महाशिवरात्रि 2026: महाकाल दर्शन की व्यवस्था तय, 10 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना

भक्तों को सुलभ और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें भस्म आरती, लड्डू प्रसाद, पूछताछ केंद्र, पार्किंग, जूता स्टैंड, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था पर निर्णय लिए गए।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
महाशिवरात्रि 2026: महाकाल दर्शन की व्यवस्था तय, 10 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना

महाशिवरात्रि महापर्व 2026 (15 फरवरी) को श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने विस्तृत दर्शन व्यवस्था तय कर दी है। अनुमान है कि इस दिन करीब 10 लाख श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश-निर्गम मार्ग, पार्किंग, भस्म आरती, शीघ्र दर्शन, प्रसाद और अन्य सुविधाओं को लेकर ठोस योजना बनाई गई है।

दर्शन दूरी और पैदल मार्ग

महाशिवरात्रि के दिन

  • सामान्य श्रद्धालुओं को लगभग 1.5 किलोमीटर पैदल चलकर दर्शन करने होंगे।

  • ₹250 शीघ्र दर्शन टिकट या पासधारी श्रद्धालुओं को करीब 1 किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा।

प्रशासनिक बैठक और तैयारियां

भक्तों को सुलभ और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें भस्म आरती, लड्डू प्रसाद, पूछताछ केंद्र, पार्किंग, जूता स्टैंड, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था पर निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर एवं मंदिर प्रशासक रौशन सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र सहित मंदिर समिति के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सामान्य श्रद्धालुओं की प्रवेश-निर्गम व्यवस्था

सामान्य श्रद्धालु भील समाज धर्मशाला के समीप बने द्वार से प्रवेश करेंगे। निर्धारित मार्ग इस प्रकार होगा- भील समाज धर्मशाला → चारधाम मंदिर पार्किंग → शक्ति पथ → त्रिवेणी संग्रहालय के समीप → नंदी द्वार → श्री महाकाल महालोक → मानसरोवर भवन → फेसेलिटी सेंटर-01 → टनल → नवीन टनल-01 → गणेश मंडपम। दर्शन के बाद श्रद्धालु आपातकालीन निर्गम द्वार से बाहर निकलकर बड़ा गणेश मंदिर और हरसिद्धि मंदिर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

शीघ्र दर्शन और पासधारी श्रद्धालुओं की व्यवस्था

₹250 शीघ्र दर्शन टिकटधारी श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेटिंग की गई है। ये श्रद्धालु- भील समाज धर्मशाला → चारधाम मंदिर पार्किंग → अशोक सेतु → मानसरोवर भवन → फेसेलिटी सेंटर-01 → टनल → नवीन टनल-01 → गणेश मंडपम से दर्शन करेंगे।

इसके अतिरिक्त, शीघ्र दर्शन टिकटधारी श्रद्धालु हरसिद्धि पाल पार्किंग → बड़ा गणेश गली → प्रीपेड बूथ तिराहा → शहनाई जिगजैग → द्वार क्रमांक-01 से भी मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।

भस्म आरती दर्शन व्यवस्था

महाशिवरात्रि पर भस्म आरती के लिए पंजीयनधारी श्रद्धालुओं का प्रवेश मानसरोवर भवन और द्वार क्रमांक-01 से निर्धारित किया गया है।

पार्किंग, जूता स्टैंड और अन्य सुविधाएं

  • पार्किंग (सामान्य श्रद्धालु): कर्कराज पार्किंग, मेघदूत पार्किंग

  • पार्किंग (शीघ्र दर्शन): कार्तिक मेला ग्राउंड, राणौजी की छत्री, शगुन गार्डन, महाकाल मंडपम्

  • जूता स्टैंड: भील समाज धर्मशाला, झालरिया मठ, हरसिद्धि पाल

  • शीघ्र दर्शन काउंटर: कर्कराज पार्किंग, हरसिद्धि पाल पार्किंग

  • लड्डू प्रसाद काउंटर: नृसिंहघाट रोड और हरसिद्धि रोड

प्रशासन की अपील

मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें और धैर्य बनाए रखें, ताकि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सभी भक्त शांतिपूर्वक और सुचारू रूप से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकें।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...