नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश की जनता से भी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम के जरिये रूबरू हुए और लाभार्थियों के साथ बातचीत की। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। लाभार्थियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब कोरोना शुरू हुआ तब से देश के 80 करोड़ से ज्यादा गरीबों के घरों में मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है। करीब 5 करोड़ लाभार्थियों को आज मध्य प्रदेश में इस योजना को एक साथ पहुंचाने का बड़ा अभियान चल रहा है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘ये दुखद है कि एमपी में अनेक जिलों में बारिश और बाढ़ की परिस्थितियां बनी हुई हैं। अनेक साथियों के जीवन और आजीविका दोनों प्रभावित हुई है। मुश्किल की इस घड़ी में भारत सरकार और पूरा देश, मध्य प्रदेश के साथ खड़ा है।’
100 साल में सबसे बड़ी आपदा
पीएम मोदी ने कहा कि, ‘आपदा कोई भी हो, उसका असर बहुत व्यापक होता है, दूरगामी होता है। कोरोना के कारण पूरी मानवता पर 100 साल में सबसे बड़ी आपदा आई है। पिछले 100 साल में दुनिया के किसी देश ने ऐसी आपदा नहीं देखी। कोरोना से उपजे संकट से निपटने के लिए भारत ने अपनी रणनीति में गरीब को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना हो या फिर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार योजना, पहले दिन से ही गरीबों और श्रमिकों के भोजन और रोजगार की चिंता की गई।’
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, ‘कोरोना से बने हालात में भारत आज जितने मोर्चों पर एक साथ निपट रहा है, वो हमारे देश के सामर्थ्य को दिखाता है। आज दूसरे राज्यों में काम कर रहे श्रमिकों की सुविधा के लिए वन नेशन-वन राशन कार्ड की सुविधा दी जा रही है।’ बता दें कि मध्य प्रदेश में 7 अगस्त को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
Addressing PM-GKAY beneficiaries from Madhya Pradesh. https://t.co/nM89oIlnMH
— Narendra Modi (@narendramodi) August 7, 2021
टोक्यो ओलंपिक में बेटियों की तारीफ
एक महिला से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों को पढ़ाने की दिशा में जोर दिया। मोदी ने कहा कि गरीबी विकास में कभी आड़े नहीं आती। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक का उदाहरण दिया। कहा- टोक्यो में देखा; कई बेटियां बहुत गरीब परिवार की थीं, लेकिन कमाल कर रही थीं।
कोरोना और वैक्सीनेशन
मोदी ने कहा-कल ही भारत ने 50 करोड़ वैक्सीन डोज़ लगाने के बहुत अहम पड़ाव को पार किया है। दुनिया में ऐसे अनेक देश हैं, जिनकी कुल जनसंख्या से भी अधिक टीके भारत एक सप्ताह में लगा रहा है। ये नए भारत का, आत्मनिर्भर होते भारत का नया सामर्थ्य है।
दिल्ली से 100 पैसे चलते हैं, तो आप तक 100 पहुंचते हैं
मोदी ने कहा कि दिल्ली से अगर 100 रुपए भेजे जाते हैं, तो वो लोगों तक 100 ही पहुंचते हैं। यह जागरुकता और टेक्नोलॉजी के कारण हुआ है। मोदी ने कहा-आज अगर सरकार की योजनाएं ज़मीन पर तेज़ी से पहुंच रही हैं, इसके पीछे सरकार के कामकाज में आया परिवर्तन है। पहले की सरकारी व्यवस्था में एक विकृति थी। वो गरीब के बारे में सवाल भी खुद पूछते थे और जवाब भी खुद ही देते थे। जिस तक लाभ पहुंचाना है, उसके बारे में पहले सोचा ही नहीं जाता था।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा
PM गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण अभियान नवंबर 2021 तक चलेगा। ये अभियान अप्रैल में ही शुरू हुआ था। मैं PM को धन्यवाद देना चाहता हूं, उन्होंने 2016 से अब तक 26,27,899 परिवारों को 32,204 करोड़ रु. की सब्सिडी मकान बनाने के लिए पैसा दिया है।
बता दें कि इससे पहले पीएम गुजरात और फिर यूपी के लोगों से बात कर चुके हैं। बता दें कि PM-GKAY योजना के तहत अगले पांच महीने तक देश के 81 करोड़ गरीब लोगों को फ्री में 5 किलो राशन मुहैया कराया जाएगा। इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके, इसलिए राज्य और केंद्र सरकार इसके प्रचार-प्रसार में लगी है।