शिवपुरी जिले के 15 मजदूरों को कर्नाटक में नौकरी का झांसा देकर बंधुआ मजदूर बनाने का मामला सामने आया है। आज एसपी ऑफिस में आकर परिजनों ने ज्ञापन सौंपा और पीड़ित मजदूरों को छुड़ाने की गुहार लगाई है।
परिजनों ने बताया कि ठेकेदार राजेश जाटव और विक्रम जाटव मजदूरों को अच्छा काम और पैसों का लालच देकर शिवपुरी से कर्नाटक भेज दिया और उनसे वहां बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है।
परिजनों के बताया कि ठेकेदारों ने मजदूरों से कहा था कि उन्हें हर महीने 25 हजार रुपये वेतन, मुफ्त खाना और रहने की सुविधा मिलेगी। इसी भरोसे पर मजदूर कर्नाटक की फैक्ट्री में काम करने चले गए।
शुरुआत में कुछ दिनों तक मजदूरों की अपने घरवालों से बात होती रही, लेकिन बाद में उनके मोबाइल फोन बंद हो गए। हाल ही में दो मजदूर किसी तरह वहां से भागकर शिवपुरी पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। उन्हें ठीक से खाना नहीं दिया जा रहा था और न ही तय मजदूरी मिल रही थी। उन्हें किसी से बात भी नहीं करने दी जा रही और बंधक बनाकर रखा गया है।
परिजनों ने एसपी से ठेकेदारों और कंपनी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के साथ ही फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।