पन्ना जिले की जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुहाई में गुरुवार को ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाएं ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब गांव आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, युवाओं को रोजगार मिलेगा और महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने मिशन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आजीविका के नए साधन विकसित करना, स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाना तथा 125 दिन रोजगार गारंटी के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से लागू करना है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध ग्रामीण भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस मिशन की सबसे बड़ी सफलता होगी।