शाजापुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ पौधारोपण के साथ किया गया। अभियान की शुरुआत हिंद जूनियर कॉलेज परिसर में 21 पौधे लगाकर की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावत ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
हिंद जूनियर कॉलेज के बाद अभियान के तहत कौटिल्य एजुकेशन एकेडमी में भी 21 पौधों का रोपण किया गया। दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और प्रबंधन ने पौधों की कम से कम तीन वर्षों तक देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

विधायक ने बताया कि इस वर्ष विधानसभा क्षेत्र के उन सभी विद्यालयों और संस्थानों में पौधारोपण किया जाएगा, जहां पौधों के संरक्षण के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कर इसे पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनाना है।
भारतीय जनता पार्टी के जिला नेतृत्व के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक संस्थाओं से भी अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया।