बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की तबियत में पहले से काफी सुधार हुआ है। लालू प्रसाद यादव की देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एम्स दिल्ली के डॉक्टरों के अनुसार लालू यादव की उम्र ज्यादा होने के चलते समस्या ज्यादा हैं। इसे देखते हुए कार्डियोलॉजिस्ट, लंग्स और किडनी स्पेशलिस्ट की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में इस वक्त लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती मौजूद हैं। सूत्रों के मुताबिक कल रात 12 बजे राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और मीसा भारती एम्स से घर गए थे। जिसके बाद सुबह दोबारा मीसा एम्स पहुंची हैं।
बताया जा रहा है उनका इलाज कार्डियोलोजिस्ट डॉक्टर राकेश यादव की निगरानी में हो रहा है। डॉक्टरों की वहीं टीम लालू यादव का इलाज कर रही है जो पहले भी इलाज करती हुई आई है।
लालू प्रसाद यादव की हालत शनिवार को गंभीर रूप से खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया है। लालू यादव को एयर एंबुलेंस के जरिए रांची एम्स से दिल्ली लाया गया है। इस दौरान उनके साथ बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव भी मौजूद हैं।
मिली जानकारी के अनुसार लालू यादव के फेंफड़ाें में संक्रमण और किडनी से जुड़ी समस्याओं से वे लंबे समय से परेशान हैं और गुरुवार रात से ही उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी। जिसके बाद उनको डॉक्टरों की निगरानी में रिम्स रांची में रखा गया था।
दिल्ली पहुंचने पर लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी की तबियत गुरुवार रात से खराब थी। जिसके बाद शनिवार को उनकी तबियत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें एम्स दिल्ली लेकर आए हैं और आगे का इलाज उनका यहीं किया जाएगा।
आप को बता दे कि रिम्स में लालू प्रसाद का इलाज कर रहे डॉ उमेश प्रसाद ने बताया था कि लालू यादव की स्थिति फिलहाल स्थिर है। लेकिन आगे स्वास्थ्य बिगड़ा तो रिम्स में व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। इसलिए मेडिकल बोर्ड ने उन्हें एम्स भेजने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि निमोनिया की वजह से लालू यादव के लंग्स में पानी हो सकता है।
इससे पहले रांची में जेल प्रशासन ने एक महीने के लिए लालू को एम्स भेजने की अनुमति दी थी। जेल आईजी बिरेन्द्र भूषण ने रिम्स निदेशक को चिट्ठी लिखकर इसकी इजाजत दी थी। रिम्स प्रबंधन ने जेल प्रशासन से लालू की खराब तबीयत को देखते हुए उन्हें अविलंब दिल्ली ले जाने का आग्रह किया था।