1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगी समग्र सुविधाएँ- CM डॉ. मोहन

MP News: खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगी समग्र सुविधाएँ- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स की लांचिंग जिस भव्यता के साथ हुई है, उसका परिणाम भी उतना ही सुखद होगा। राज्य सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल मैदानों के उन्नयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगी समग्र सुविधाएँ- CM डॉ. मोहन

मध्यप्रदेश में खेलों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के बोट क्लब भोपाल पर मशाल प्रज्ज्वलन के साथ “खेलो एमपी यूथ गेम्स” का भव्य शुभारंभ किया। वॉटर प्रोजेक्शन, लेजर-शो, आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुए इस आयोजन ने ओलम्पिक जैसे वैश्विक आयोजनों की झलक प्रस्तुत की।

खिलाड़ियों को करोड़ों की सुविधाएँ देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स की लांचिंग जिस भव्यता के साथ हुई है, उसका परिणाम भी उतना ही सुखद होगा। राज्य सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल मैदानों के उन्नयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के खिलाड़ियों को अब लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये तक की आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और उनके विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि दिल से किया गया कार्य इसी तरह छटा बिखेरता है।

देश में पहली बार खेल विभाग और खेल संघों का संयुक्त आयोजन

यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि देश में पहली बार खेल विभाग और खेल संघों के संयुक्त समन्वय से इतने बड़े स्तर पर यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापक जनभागीदारी से खिलाड़ियों का उत्साह और मनोबल दोनों बढ़ेगा। उन्होंने खेलो एमपी यूथ गेम्स के स्लोगन “मध्यप्रदेश की जय – सबकी विजय” की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलों में देश आगे बढ़ रहा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी उसी गति से कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यूथ गेम्स में पिट्टू जैसे पारंपरिक खेलों को शामिल कर नवाचार किया गया है। ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं की व्यवस्थित श्रृंखला तैयार की गई है। इसमें लगभग डेढ़ लाख खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।

लोगो, जर्सी, थीम सांग और शुभंकर का अनावरण

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों का निरंतर उन्नयन हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान खेलो एमपी यूथ गेम्स के लोगो, जर्सी, टी-शर्ट, थीम सांग और शुभंकर (मैस्कॉट) का अनावरण किया गया। यह प्रतियोगिता 31 जनवरी तक आयोजित की जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य टीम चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

लगभग 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को कुल लगभग 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय 21 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये रहेगा। चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होकर जिला, संभाग और राज्य स्तर तक जाएगी। खेलो एमपी यूथ गेम्स-2025 में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।

महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को मिला सम्मान

समारोह के दौरान ब्लाइंड वुमन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2025 की विश्व विजेता भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों सुनीता सराठे, दुर्गा येवले और सुषमा पटेल को 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसमें 10 लाख रुपये नगद और 15 लाख रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में प्रदान किए गए। महिला खिलाड़ियों के कोचों को भी एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

313 विकासखंडों और 10 संभागों की होगी सहभागिता

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में प्रस्तावित है। ब्लॉक स्तर से चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रदेश के 313 विकासखंडों की सहभागिता होगी। राज्य स्तर पर 10 संभागों- भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, चंबल, नर्मदापुरम और शहडोल-की टीमें भाग लेंगी।

तीन और चार चरणों में होंगी खेल प्रतियोगिताएँ

तीन चरणों (ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर) में हॉकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, तैराकी, टेबल टेनिस, मल्लखंब, कुश्ती, जूडो, शतरंज और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएँ होंगी। चार चरणों (ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर) में फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, पिट्टू, बास्केटबॉल, टेनिस, योगासन, रस्साकसी और कबड्डी शामिल हैं। वहीं आर्चरी, ताइक्वांडो, कयाकिंग-कैनोइंग, रोइंग, फेंसिंग, शूटिंग और थ्रो बॉल की प्रतियोगिताएँ सीधे राज्य स्तर पर आयोजित की जाएँगी।

खेलों के माध्यम से उभरता नया मध्यप्रदेश

खेलो एमपी यूथ गेम्स न केवल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच देंगे, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूत करेंगे। यह आयोजन मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...