दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घंटों तक इंतजार करने के बाद आखिरकार अपना नामांकन तो कर दिया। लेकिन केजरीवाल के एक ट्वीट पर उनके पुराने साथी कुमार विश्वास ने तंज कसा और कहा कि, कम से कम परिवार, संस्कार और सरोकार जैसे शब्दों को तो बख्श दो।
दरअसल मंगलवार को अरविंद केजरीवाल अपना नामांकन करने के लिए जामनगर हाउस पहुंचे थे, लेकिन पहले से ही निर्दलीय उम्मीदवारों की लंबी लाइनें लगी हुई थी। जिसके बाद केजरीवाल ने एक ट्वीट कर लिखा कि, कोई बात नहीं है, कई लोग पहली बार नामांकन दाखिल कर रहे हैं। उनसे गलती हो सकती है, हमने भी पहली बार में गलतियां की थी। हमें उनका साथ देना चाहिए। हम उनके साथ इंतजार का लुत्फ ले रहा हूं। वे सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं।
केजरीवाल के इसी ट्वीट पर उनके पुराने साथी कुमार विश्वास ने तंज कसते हुए उन्हें षड्यंत्रकारी औऱ हत्यारा तक बता दिया। विश्वास ने ट्वीट कर लिखा कि, फैमिली? जिस अन्ना को पिता कहा, जिस योगेंद्र यादव को बड़ा भाई कहा, जिस दोस्त को छोटा भाई कहा, उन सबके साथ षड्यंत्रकारी हत्यारों जैसा व्यवहार किया था, इन बेचारों के साथ भी वैसा ही व्यवहार करोंगे क्या? कम से कम, परिवार, संस्कार औऱ सरोकार जैसे शब्दों को तो बख्श दो अब।
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल पिछले कई घंटों के बाद अपना नामांकन दाखिल कर पाए। वहीं इस पूरे मामले पर पार्टी के सीनियर नेता उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसे बीजेपी की साजिश बताया है।