जेडीयू से अगल होने के बाद से ही प्रशांत किशोर नीतीश कुमार पर जमकर बरस रहे हैं, एक तरफ जहां वो उन्हें पिता समान बता रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ उन्होंने नीतीश को पिछलग्लू नेता भी कहा। उनके इन बयानों पर अब जेडीयू के नेताओं ने उनपर हमला करना शुरू कर दिया है।
जेडीयू प्रवक्ता अजय आलोक ने उन्हें मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया है, उनके अलावा पार्टी के ही एक और वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि, प्रशांत किशोर राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं इसलिए उनके बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
प्रशांत किशोर पर अजय आलोक ने पलटवार करते हुए कहा है कि, जब आदमी मानसिक रूप से विक्षिप्त हो जाता है, तो फिर इसी तरह की बात करता है। एक तरफ वह कहते हैं कि नीतिश कुमार उनके पिता समान हैं और दूसरी और उसी व्यक्ति की कमियां बता रहे हैं जो कि सत्य नहीं है। अजय आलोक ने आगे कहा कि प्रशांत किशोर ममता बनर्जी को क्यों नहीं सिखाते हैं कि बंगाल किस मुहाने पर खड़ा है।
केसी त्यागी ने किशर पर हमला बोलते हुए कहा कि, वह राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, इसलिए उके वक्तव्य को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। मुझे बहुत खुशी होगी कि वह नीतिश के मुकाबले एक राजनीतिक पार्टी बनाएं और बिहारियों को संगठित करें।