थोक महंगाई दर में अगस्त महीने में बढ़ोत्तरी हुई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने में थोक महंगाई दर बढ़ोत्तरी के साथ 0.16 फीसद रही है।
इससे पहले जुलाई में थोक महंगाई दर (-) 0.58 फीसद पर थी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से सोमवार को थोक महंगाई दर के आंकड़े जारी किये गए हैं।
अगस्त से पहले लगातार चार महीनों तक थोक महंगाई दर नेगेटिव रही थी। थोक महंगाई दर के आंकड़े हर महीने की 14 तारीख को जारी किये जाते हैं।
थोक महंगाई दर जुलाई में -0.58 फीसद पर रही थी। वहीं, यह जून में -1.81 फीसद पर रही थी।
अगस्त महीने में जुलाई महीने की तुलना में खाद्य उत्पादों, पेय पदार्थों, चमड़ा और संबंधित उत्पादों, लकड़ी व लकड़ी के उत्पादों, दर्ज मीडिया की छपाई और रि-प्रोडक्शन, दवाईयों, औषधीय रसायन और वनस्पति उत्पादों, बुनियादी धातुओं, विद्युत उपकरणों, औजारों व परिवहन उपकरणों की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई।