शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के धरना स्थल पर हुए कथित उपद्रव और मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 27 मई की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नवीन नगर परिषद भवन, पिछोर के पास चल रहे शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग अचानक वहां पहुंचे और माहौल बिगाड़ दिया। उनका कहना है कि करीब 25 से 30 लोग बाइक पर सवार होकर आए और लाठी-डंडों व प्लास्टिक पाइप से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मौजूद लोगों के साथ मारपीट की।
मोहित अग्रवाल ने कहा कि इस घटना के बाद पिछोर क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग इसे दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नामजद आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।