मध्यप्रदेश में तीसरे चरण की वोटिंग के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ पार्टियों के चुनाव प्रचार में भी तेजी आ गई है। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव लगातार संसदीय सीटों पर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाएं और रोड शो कर रहे हैं।
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर के बीना में लोकसभा प्रत्याशी लता वानखेड़े के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।कार्यक्रम के मंच पर सीएम डा. यादव के साथ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लता वानखेड़े के वोट के लिए अपिल किया।
मोहन यादव ने कहा कि सबसे पहले संविधान को बदलने का काम कांग्रेस ने किया। नेहरू, इंदिरा, राजीव गांधी सहित अन्य ने संविधान संशोधित किया। इंदिरा गांधी ने 29 बार संशोधन किया। चुनाव जीतने के जरूरी है जनता आपको पसंद करे। जबसे आजादी मिली, धारा 370 लगाकर नासूर बनाया। 40 हजार निर्दोष लोग मारे गए। मोदी ने 370 खत्म की। देश के अंदर आतंकवाद खत्म किया।
इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तकदीर और तस्वीर को बदलने का काम किया है। देश की स्किल को बढ़ाया है, परिवारवाद, जातिवाद की राजनीति को खत्म किया है। नारी शक्ति को सम्मान देने वाला भारत बनाया है।
ये स्वर्णिम भारत है। एमपी में विकास की गाथा को गति देने का काम सीएम मोहन यादव ने किया है। उन्होंने बीना रिफाइनरी, बीना नदी सिंचाई परियोजना का जिक्र किया। कहा कि हिनौता सिंचाई परियोजना से लाभ मिलेगा। उन्होंने बीना में रिंग रोड, खिमलासासा को तहसील, खिमलास और मंडी बामोरा को नगर परिषद, भानगढ़ और मंडी बामोरा में कॉलेज की मांग सीएम के समक्ष रखी।
सागर लोकसभा सीट से लता वानखेड़े को सांसद प्रत्याशी बनाया गया है। 54 वर्षीय लता वानखेड़े पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वे महिला सम्मान और उत्थान की दिशा में कार्य करती रही हैं। कई सामाजिक संगठनों से जुड़कर वे काम कर रही हैं। उन्होंने तीन विषय अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, पत्रकारिता में पीजी की है। वहीं ग्रामीण महिला के सामाजिक उत्थान में पत्रकारिता की भूमिका पर पीएचडी की है। लता वानखेड़े ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष मध्यप्रदेश की सबसे बडी पंचायतों में से एक मकरोनिया ग्राम पंचायत से 1995 में सरपंच चुनाव लड़ा था और जीती। वे ग्राम पंचायत मकरोनिया की लगातार तीन बार सरपंच रह चुकी हैं।
राजनीतिक ताना-बाना
सागर जिला बीजेपी के लिए एक सुरक्षित लोकसभा सीट मानी जाती है। इसके पीछे की वजह है कि 1996 के बाद से यहां पर किसी और पार्टी की दाल नहीं गली है। सिर्फ बीजेपी ने ही अपना कब्जा जमाया हुआ है। 2019 के चुनाव की बात की जाए तो यहां से बीजेपी ने राजबहादुर सिंह को मैदान में उतारा था जबकि कांग्रेस ने प्रभु सिंह ठाकुर को टिकट दिया था। इस चुनाव में बीजेपी को 646231 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार को 340689 वोट मिले थे। बीजेपी के राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर को करीब 3 लाख वोटों से करारी शिकस्त दी धी।
सागर लोकसभा सीट इतिहास
सागर लोकसभा सीट मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की सबसे अहम सीटों में से एक है। यह बीजेपी का गढ़ मानी जाती है और यहां पर 1996 के बाद से कोई और पार्टी ने जीत हासिल नहीं की है। प्रदेश की राजनीति में भी इस क्षेत्र से कई दिग्गज राजनेता शामिल रहे हैं। सागर लोकसभा सीट में भी आठ विधानसभाओं को शामिल किया गया है जिसमें बीना, खुरई, सुरखी, नरयावली और सागर के साथ-साथ विदिशा जिले की कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद शामिल है।
इस क्षेत्र में छोटी-बड़ी कई नदियां बहती हैं जिनमें बेतवा, धसान, बेबस, बीना, बामनेर, सुनार नदियां शामिल हैं. इन नदियों की वजह से इस क्षेत्र के कई गांवों को सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति होती है। अगर इस क्षेत्र में पर्यटन की बात की जाए तो यहां राहतगढ़ वॉटरफॉल बेहद खूबसूरत है, जो कि बीना नदी से बना है. वहीं महाभारत कालीन एरण यहां पर कई ऐतिहासिक धरोहरों को अपने अंदर समाए हुए है। खिमलासा का प्राचीन किला भी यहां पर दर्शनीय स्थल है।
इनके अलावा यहां पर गढ़पहरा पर बना हनुमान जी का मंदिर और रानगिर में बना माता हरसिद्धि का मंदिर पूरे क्षेत्र के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। यहीं पर नौरादेही वन्य जीव अभ्यारण्य भी है जो कि सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिले के त्रिभुज पर बना है. इनके अलावा सागर की लाख बंजारा झील भी इस क्षेत्र की पहचान है।