1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. स्मृति दिवस पर बोले गृह मंत्री अमित शाह : पुलिस के लिए कोई छुट्टी नहीं होती, ये हमारे रक्षक है

स्मृति दिवस पर बोले गृह मंत्री अमित शाह : पुलिस के लिए कोई छुट्टी नहीं होती, ये हमारे रक्षक है

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
स्मृति दिवस पर बोले गृह मंत्री अमित शाह : पुलिस के लिए कोई छुट्टी नहीं होती, ये हमारे रक्षक है

पुलिस स्मृति दिवस 2020 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश रक्षा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। साल 1959 में चीन से सटी भारतीय सीमा की रक्षा में बलिदान देने वाले दस पुलिसकर्मियों की याद में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

आज इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, मैं शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करता हूँ व उनके परिजनों से कहना चाहता हूँ कि यह पुलिस स्मारक सिर्फ पत्थर, चूने और सीमेंट से बना स्मारक नहीं बल्कि यह हमें हमेशा याद दिलाता है कि इन वीर जवानों ने देश को अमरत्व देने का काम किया है। उनके सर्वोच्च बलिदान से ही देश चैन की नींद सोता है।

उन्होंने कहा, पुलिस के लिए कोई छुट्टी नहीं होती, 24 घंटे- 365 दिन देश की सुरक्षा में तैनात रहना पड़ता है। जब पूरा देश त्योहार मना रहा होता है तब भी पुलिसकर्मी चौराहे पर खड़े होकर अपनी ड्यूटी कर रहा होता है। आपके त्याग व बलिदान को देश समझे इसीलिए मोदी सरकार ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक बनाया है।

आज देश में शांति है तो उसकी वजह हमारी सजग पुलिस है। देश में पुलिसबल की संख्या कम है मगर मोदी सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है जिससे यह कमी दूर हो जायेगी। मोदी सरकार द्वारा लाए रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी और फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी संबंधित विधेयक इस दिशा में अभूतपूर्व प्रयास हैं।

उन्होंने कहा, आज पुलिस का काम कई dimensions में बढ़ रहा है। इसके लिए मोदी सरकार ने एक सुगठित पुलिस मॉडर्नाइजेशन का प्रोग्राम शुरू किया है जिससे पुलिस बल हर चुनौती का सामना करने के लिए अपने आपको तैयार करेंगे। सीमाओं को अभेध बनाने के लिए मानव बल के साथ टेक्नोलॉजी को भी जोड़ने का काम हो रहा है।

लॉकडाउन के समय मजदूरों की सहायता हो, बीमारों को अस्पताल पहुंचाना हो या ब्लड डोनेशन हो पुलिसबल ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने पहली पंक्ति में खड़े रहकर कोरोना से लड़ाई लड़ी और 343 पुलिसकर्मियों ने जान गंवाई। उनके इस बलिदान को कोरोना की लड़ाई में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा।

अंत में उन्होंने कहा, देश के गृहमंत्री के नाते मैं मोदी सरकार की ओर से हमारे पुलिसकर्मियों को आश्वस्त करता हूँ कि आप देश और आंतरिक सुरक्षा को संभालिए, सरकार आपकी और आपके परिवार की रक्षा व हितों के लिए सदैव तत्पर, जागरूक और कटिबद्ध रहेगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...