उज्जैन के रामघाट पर एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब स्नान के दौरान तीन श्रद्धालु डूबने लगे। मौके पर तैनात होमगार्ड और SDRF के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों की जान बचा ली।
घटना गुरु नानक घाट की है, जहां गुजरात से आए 22 वर्षीय जतिन स्नान करते समय गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके साथी भंवर सिंह और ऋषि भी पानी में उतरे, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए।
मौके पर तैनात होमगार्ड और SDRF के जवानों ने बिना देर किए यूनिफॉर्म में ही नदी में छलांग लगा दी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों की सतर्कता और बहादुरी से तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में होमगार्ड एवं SDRF के जवान माखन परमार, शुभम शर्मा, सनी परमार, राहुल मंगलेश्वरी और राहुल परिहार की अहम भूमिका रही। घटना के बाद बचाए गए श्रद्धालुओं ने जवानों का आभार जताते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट