उज्जैनः मध्यप्रदेश में सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां अब नए स्तर पर पहुंच चुकी हैं। पुलिस विभाग भी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में डीजीपी कैलाश मकवाना उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं और पुलिस तैयारी को लेकर बड़ा अपडेट दिया।

उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व 2028 को लेकर पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए निर्माण कार्य अलग-अलग स्तर पर पहले से जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ के दौरान जिन आधुनिक तकनीकों और कंपनियों ने पुलिस को सहयोग दिया था, उनके प्रेजेंटेशन PHQ स्तर पर कराए गए हैं। जिसमें उज्जैन के अधिकारी भी शामिल रहे।

सिंहस्थ में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती को देखते हुए अब “ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर्स” मॉडल पर काम शुरू कर दिया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों और यूनिट्स से अलग-अलग रैंक के पुलिस अधिकारियों को उज्जैन बुलाकर 21 दिन की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। ये मास्टर ट्रेनर अपनी-अपनी यूनिट में जाकर दो सप्ताह तक अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे… ताकि ज्यादा से ज्यादा पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के नए तरीकों से लैस किया जा सके। इसके साथ ही SF बटालियन सहित अन्य इकाइयों को भी इस ट्रेनिंग से जोड़ा जा रहा है और जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सिंहस्थ में लगेगी, उन्हें अंत में उज्जैन में ग्राउंड लेवल पर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

उज्जैन में इसको लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही IG ऑफिस में उच्चस्तरीय बैठक भी हुई। जिसमें सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कुल मिलाकर साफ है कि इस बार सिंहस्थ 2028 को लेकर पुलिस विभाग कोई चूक नहीं चाहता। और इसे देश के सबसे सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजनों में शामिल करने की तैयारी में जुटा हुआ है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट