उज्जैन से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। इंदौर रोड स्थित रामवासा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने सड़क किनारे खड़ी मिनी लोडिंग गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है।

दरअसल, नीलेश मकवाना अपने चाचा के साथ सब्जी लेने के लिए जा रहे थे और इंदौर रोड पर रामवासा इलाके में कुछ देर के लिए अपनी गाड़ी रोककर खड़े थे। इसी दौरान इंदौर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन, जिसमें नीले ड्रम भरे हुए थे, अचानक सामने से आया और उनकी गाड़ी में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी लोडिंग वाहन सड़क किनारे पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में नीलेश के चाचा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना का CCTV फुटेज शाम को सामने आया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार वाहन किस तरह से खड़ी गाड़ी को टक्कर मारता है। फिलहाल, पीड़ित द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट