1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. हरिद्वार कुंभ मेला 2027: केंद्र ने दिए 500 करोड़, सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

हरिद्वार कुंभ मेला 2027: केंद्र ने दिए 500 करोड़, सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक कुंभ मेला होगा। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये जारी किए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
हरिद्वार कुंभ मेला 2027: केंद्र ने दिए 500 करोड़, सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक होने वाले कुंभ मेला के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इस वित्तीय सहायता से कुंभ मेला क्षेत्र में अवस्थापना विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेज़ी मिलेगी।

दिव्य और भव्य आयोजन की दिशा में शुरुआत

प्रदेश सरकार ने कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जारी धनराशि से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिलेगी।

सीएम धामी ने पीएम मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनराशि स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार का यह सहयोग कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देवभूमि उत्तराखंड के विकास में केंद्र का सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल व हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित अनेक विकास कार्यों में केंद्र सरकार का सहयोग राज्य के लिए संबल बना है। कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन में भी केंद्र का सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को मजबूती देगा।

ऐतिहासिक और सुरक्षित कुंभ मेला का भरोसा

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...