पन्ना: श्री श्री 1008 श्री जुगल किशोर सरकार धाम (किशोर जी मंदिर) में 15 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रीमद्भागवत कथा, श्रीभक्तमाल कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को भव्य प्रभात फेरी और बाइक रैली के साथ हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

प्रभात फेरी का शुभारंभ श्री राम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर बाइक रैली के रूप में निकले। ‘जय श्री राम’, ‘राधे-राधे’ और ‘श्री जुगल किशोर सरकार’ के जयघोषों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
रैली श्री राम जानकी मंदिर से शुरू होकर अजयगढ़ चौराहा, बड़ा बाजार, गोविंदम मंदिर चौक, कटरा बाजार, कोतवाली चौराहा और बस स्टैंड होते हुए श्री जुगल किशोर सरकार धाम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। प्रभात फेरी के साथ ही शहर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव और श्रीमद्भागवत कथा को लेकर उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्री जुगल किशोर सरकार की कृपा से इस वर्ष का महोत्सव ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश, बुंदेलखंड और देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु महोत्सव में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे श्री जुगल किशोर सरकार धाम से भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा साईं मंदिर, बड़ा बाजार, गोविंद जी चौक, कटरा बाजार, कोतवाली चौराहा और गांधी चौक से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा में हजारों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी, जबकि संत-महात्मा, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
महोत्सव के दौरान पूज्य स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा तथा महंत स्वामी किशोर दास जी महाराज द्वारा श्रीभक्तमाल कथा का वाचन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर से संत-महात्माओं का सान्निध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, ई-रिक्शा, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रसाद वितरण, विद्युत व्यवस्था और स्वयंसेवकों की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही कथा का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन, सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए भी किया जाएगा।
रिपोर्ट :राजेश रावत