उज्जैनः उज्जैन के केंद्रीय भैरवगढ़ जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान मिलने से हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान जेल परिसर से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, बीड़ी और 7 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, जेल में सजा काट रहे तीन कैदियों ने मोबाइल फोन को नाले में छिपाकर रखा था। वहीं, 7 हजार रुपए नकद जेल परिसर में स्थित मंदिर के पास से बरामद हुए।
सूचना मिलने पर बढ़ाई गई निगरानी
जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि कई दिनों से जेल के अंदर मोबाइल उपयोग की सूचना मिल रही थी। इस पर निगरानी बढ़ाई गई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद गोदाम क्षेत्र में तलाशी ली गई, जहां नाली को ढंकने के लिए लगे पटिए के नीचे पॉलिथीन में पैक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
एक साल तक रूक सकती है पैरोल
जांच में सामने आया है कि सजायाफ्ता कैदी कुंदन अन्य कैदियों सुखविंदर और तुषार तक मोबाइल पहुंचाता था। कई बार मोबाइल बैरक तक भी ले जाया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि तीनों कैदियों के खिलाफ जेल मैन्युअल के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें उनकी एक साल की पैरोल रोकी जा सकती है और उन्हें अन्य जेल में ट्रांसफर भी किया जा सकता है।
पिछले सप्ताह ही पकड़ाया था जेल प्रहरी
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही एक जेल प्रहरी को तंबाकू अंदर ले जाते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद जेल प्रशासन अलर्ट पर था। मंगलवार को जेल अधीक्षक मनोज साहू के निर्देश पर सर्चिंग अभियान चलाया गया।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट