1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, जयघोषों से गूंजा नगर

महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, जयघोषों से गूंजा नगर

शाजापुर में महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर समस्त राजपूत समाज द्वारा भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। हजारों लोगों की मौजूदगी में निकली यात्रा का नगरभर में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, जयघोषों से गूंजा नगर

शाजापुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल जयंती के अवसर पर शाजापुर में समस्त राजपूत समाज द्वारा भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। हजारों समाजबंधुओं की उपस्थिति में निकली इस यात्रा ने नगर में उत्साह, एकता और गौरव का माहौल बना दिया।

शौर्य यात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप छात्रावास, आदर्श कॉलोनी, शाजापुर से हुआ। यात्रा में समाज के वरिष्ठजन, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के जयघोष गूंजते रहे, जिससे नगर का वातावरण देशभक्ति और गौरव की भावना से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा, योगेंद्र सिंह “बंटी” बना, रामवीर सिंह सिकरवार, प्रताप सिंह गोहिल, भंवर सिंह कनाड़िया सहित राजपूत समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वहीं युवाओं की टीम ने यात्रा के सफल संचालन और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर निकली, जहां सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वागत मंच भी बनाए गए थे। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने यात्रा का अभिनंदन करते हुए सहभागिता निभाई, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के शौर्य, त्याग, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समस्त राजपूत समाज ने नगरवासियों, सर्व समाज के नागरिकों, युवाओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन की जानकारी श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना शाजापुर के जिला अध्यक्ष कुंवर धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया द्वारा दी गई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...