सौसर। मंगूभाई पटेल का सौसर के ग्राम आमला में आगमन हुआ, जहां उन्होंने सिकल सेल एनीमिया और एनसीडी जांच स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
राज्यपाल ने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाया जाए, ताकि आमजन को समय पर उपचार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट उत्पादों और वन उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री नाना मोहोड़, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और सहभागिता का माहौल देखने को मिला।