मध्यप्रदेश में सट्टा कारोबार और अवैध आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अशोकनगर में सट्टा संचालन के आरोपी आजाद खान से जुड़ी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी पर कड़ा एक्शन लिया है। मंत्री सारंग ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित संस्था की सभी वित्तीय गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने आजाद खान की KGN साख सहकारी संस्था मर्यादित, वार्ड क्रमांक-10, अशोकनगर की सभी तरह की वित्तीय ट्रांजेक्शन तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई सट्टा संचालन और अवैध आर्थिक लेनदेन के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए की गई है।
मंत्री सारंग ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए और 07 दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर दोष सिद्ध होता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जांच पूरी होने तक क्रेडिट सोसायटी के सभी वित्तीय लेनदेन पर रोक जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार, सट्टा कारोबारी आजाद खान के खिलाफ सट्टा संचालन सहित अन्य आपराधिक मामलों में पहले से कार्रवाई चल रही है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। अवैध आर्थिक गतिविधियों के संदेह को देखते हुए उससे जुड़ी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी की भूमिका को भी जांच के दायरे में लाया गया है।
इस कार्रवाई के माध्यम से प्रदेश सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सट्टा कारोबार और अवैध आर्थिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।