मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 6 मई 2025 को घोषित किए गए 10वीं और 12वीं के परिणामों में बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी है। इस बार की बोर्ड परीक्षाओं में 10वीं में सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल और 12वीं में प्रियल द्विवेदी ने टॉप कर राज्य का नाम रोशन किया।
सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 10वीं की परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पिछले 15 वर्षों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन में से एक है।
वहीं 12वीं की परीक्षा में प्रियल द्विवेदी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। उनका प्रदर्शन राज्य में लड़कियों की शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि और मेहनत को दर्शाता है।
रिजल्ट जारी करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “आज मन गदगद है। बेटियों ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वे हमारा मान, सम्मान और गौरव बढ़ा रही हैं।” उन्होंने इस अवसर पर राज्य के सरकारी स्कूलों की भी प्रशंसा की और बताया कि इस बार उनका परिणाम प्राइवेट स्कूलों से बेहतर रहा है। नरसिंहपुर और मंडला जिलों ने टॉप स्थानों पर कब्जा किया।
सीएम डॉ. यादव ने असफल छात्रों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, “जो विद्यार्थी इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें जल्द ही दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा ताकि उनका साल बर्बाद न हो।” उन्होंने परिजनों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ खड़े रहें क्योंकि हर बच्चे में कोई न कोई खासियत होती है।
सीएम ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में नवाचार हो रहे हैं। बच्चों की क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।