बड़वानीः शहर के स्नेह नगर क्षेत्र में नल जल योजना के तहत घरों में आने वाले पानी में सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी मिल गया। जिससे कई घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि सीवरेज कंपनी की लापरवाही के कारण पानी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसी वजह से सीवरेज का पानी पेयजल लाइन में मिल गया, जिससे घरों में बदबूदार पानी आने लगा।
इस समस्या की सूचना मिलते ही नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव मौके पर पहुंचे। श्री जाधव ने बताया कि सीवरेज कंपनी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में काम कर रही थी और इसी दौरान पानी की मुख्य लाइन टूट गई। जाधव ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और प्रशासन पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। जाधव के अनुसार, अधिकारियों से बात करने पर केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि सीवरेज कंपनी के जिम्मेदार फोन तक नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समय रहते वाटरमैन ने सजगता दिखाते हुए पानी की सप्लाई बंद कर दी, जिससे अधिक घरों तक दूषित पानी नहीं पहुंच पाया।
इसके बावजूद, लगभग 8 से 10 घर प्रभावित हुए हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों नो बताया कि खुदाई के कारण पाइपलाइन फूट गई, जिससे गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। उन्होंने कहा, “पानी इतना बदबूदार है कि उपयोग करना तो दूर, पास खड़ा रहना भी मुश्किल है।
लोगों का कहना है कि तीन दिन बाद पानी आता है, और जब आज पानी की बारी आई तो गंदा पानी मिला। यह पूरी तरह नगरपालिका की लापरवाही है। प्रभावित रहवासी अब वैकल्पिक व्यवस्था से पानी लाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट