यस बैंक को लेकर ग्राहकों में हाहाकार मचा हुआ है, इस बीच सबको लग रहा है कि उनका पैसा डूब गया, साथ ही आज यस बैंक के शेयर में भारी गिरावट आई है। वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंक के ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनका धन सुरक्षित है।
वित्त मंत्री निर्मला सितारमण ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि, मैं भरोसा दिलाना चाहती हूं कि यह बैंक के हर जमाकर्ता का धन सुरक्षित है, मैं रिजर्व बैंक के साथ लगातार संपर्क में हूं। रिजर्व बैंक ने मुझे भरोसा दिलाया है कि यस बैंक के किसी भी ग्राहक को कई नुकसान नहीं होगा।
इसके आगे उन्होंने कहा कि, यस बैंक के मुद्दे को रिजर्व बैंक और सरकार विस्तृत तौर पर देख रहे हैं, हमने वह रास्ता अपनाया है जो सबके हित में होगा। रिजर्व बैंक एक नियामक के तौर पर यस बैंक के मुद्दे का तेजी से समाधान करने की दिशा में काम कर रहा है, यह कदम जमाकर्ताओं, बैंक और अर्थव्यवस्था के हित में उठाए गए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि, यस बैंक के ग्राहकों के लिए 50,000 रुपए की सीमा में पैसा निकालना सुनिश्चित करना सबसे पहली प्राथमिकता है, इसके आगे उन्होंने कहा कि, 2017 से आरबीआई लगातार यस बैंक की स्थिति पर नजर रखे हुए है। ऐसा देखा गया है कि बैंक में गवर्नेंस का मुद्दा है और बैंक के अनुपालन में भी कमी है। कर्ज देने की खतरनाक नीति के साथ पैसों का भी गलत श्रेणीकरण किया गया।