रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: तीनों नये कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहा किसान आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को किसानों ने लाल किला पर तिरंगे के समानांतर अपना झंडा फहरा दिया था। जिसके बाद देश में तहलका मच गया था। आपको बता दें कि किसानों का इरादा संसद के सामने आंदोलन करने का था। लेकिन गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा के बाद उन्होनो संसद कूच को रद्द कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक किसान अब 6 फरवरी को चक्का जाम करेंगे। किसानों ने एलान किया कि 6 फरवरी के दिन 12 बजे से 3 बजे तक पूरे देश में चक्का जाम रहेगा। इससे पहले किसानों ने 30 जनवरी को उपवास रखा था।
सरकार और किसानों के बीच तीनो नये कृषि कानून को लेकर 11 दौर की बातचीत हो चुकी है। बावजूद इसके कोई भी नतीजा नहीं निकल सका। सरकार की तरफ से तीनो कानूनों को डेढ़ साल तक स्थगित करने का भी प्रस्ताव दिया गया। लेकिन किसानों ने इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। किसानों ने सरकार से मांग रखी है कि तीनों कृषि कानून वापस लिया जाय और MSP पर कानून बनें।