1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. मूंग खरीदी की मांग पर किसानों का भोपाल कूच उग्र, बुधनी में बैरिकेड हटाए; पुलिस से झड़प

मूंग खरीदी की मांग पर किसानों का भोपाल कूच उग्र, बुधनी में बैरिकेड हटाए; पुलिस से झड़प

मूंग की तुलाई और अन्य मांगों को लेकर किसान स्वराज संगठन का नर्मदापुरम से भोपाल कूच तेज हो गया। बुधनी में किसानों ने बैरिकेड हटाए, पुलिस से झड़प हुई और भारी सुरक्षा के बीच पैदल मार्च जारी रहा।

By: BS Yadav 
Updated:
मूंग खरीदी की मांग पर किसानों का भोपाल कूच उग्र, बुधनी में बैरिकेड हटाए; पुलिस से झड़प

बुधनी: मूंग की तुलाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान स्वराज संगठन का नर्मदापुरम से भोपाल कूच लगातार उग्र होता जा रहा है। नर्मदापुरम में पुलिस बैरिकेडिंग हटाने के बाद करीब 1,500 किसान बुधनी पहुंचे, जहां उन्होंने आगे बढ़ने की कोशिश में यहां लगाए गए बैरिकेड भी हटाए। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, किसान अपनी मांगों को लेकर पैदल मार्च करते हुए भोपाल की ओर बढ़ रहे हैं। बुधनी नगर में प्रवेश के दौरान भारी पुलिस बल पहले से तैनात था। बैरिकेड हटाने के प्रयास में पुलिस और किसानों के बीच तनाव बढ़ा, हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित रखा।

आंदोलन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला। इससे पहले पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, किसान कांग्रेस और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को छैघरा क्षेत्र में प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। बैरिकेड पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों और तहसीलदार राकेश खजूरिया को फूल भेंट कर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।

करीब डेढ़ हजार किसान बुधनी नगर से पैदल मार्च करते हुए गड़रिया नाले की ओर भोपाल के लिए रवाना हुए। किसानों के नगर में प्रवेश से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर एडीएम बृजेश सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम संजीव कुमार नाग, एसडीओपी रवि शर्मा, तहसीलदार राकेश खजूरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और विशेष सुरक्षा बल तैनात रहे।

रिपोर्ट: कन्हैया नाथ

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...