आगर मालवाः समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी नहीं होने से नाराज किसानों ने चक्काजाम कर दिया। किसानों ने आगर-उज्जैन मार्ग पर आगर के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
किसानों का आरोप है कि आगर के समीप उज्जैन रोड़ पर स्थित निजी वेयरहाउस पर चल रही समर्थन मूल्य गेंहू खरीदी में व्यवस्थाओं में खामियों के चलते उनकी फसल का तौल नहीं हो पा रहा है। जिससे वे लंबे समय से परेशान हो रहे है। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम के दौरान एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार और पुलिस प्रशासन पहुंचा और किसानों को समझाइश दी। प्रशासन ने किसानों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
आगर मालवा से संवाददाता धीरप हांडा की रिपोर्ट