बॉलीवुड सेलेब्स के सोशल मीडिया अकाउंट अक्सर हैक होते रहते हैं। इन दिनों बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार अंकित तिवारी भी हैकिंग का सामना कर रहे हैं। दरअसल, कुछ समय पहले ही अंकित का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर के जरिए दी है।
अंकित का कहना है कि वह पिछले लगभग एक महीने से फेसबुक से मदद मांग रहे हैं। अंकित ने ट्वीट में लिखा, ‘मेरा फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है। मैं फैंस के साथ जुड़ने में कई समस्याओं का सामना कर रहा हूं। मैं पिछले एक महीने से फेसबुक टीम से मदद मांग रहा हूं, लेकिन समस्या सुलझ नहीं पाई है।’
— Ankit Tiwari (@officiallyAnkit) December 19, 2020
उन्होंने लिखा, ‘मैंने उनकी बताई सभी प्रक्रिया पूरी की, लेकिन मैं अब भी समस्या का सामना कर रहा हूं।’ अपने इस पोस्ट के लिए उन्होंने फेसबुक इंडिया को टैग भी किया है।
सोशल मीडिया पर उनका यह ट्वीट तेजी से वायरल होने लगा है। अंकित के फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे है। वहीं, यूजर्स उनकी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।