तमिलनाडु में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित रैली के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस टीम ने नीलांकरई स्थित उनके आवास से उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
मामला उस समय सुर्खियों में आया जब एक राजनीतिक रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन द्वारा अभिनेता त्रिशा कृष्णन को लेकर कथित रूप से दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और विपक्षी दलों ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध जताया।
गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उदयनिधि स्टालिन ने मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिका पर विचार करने की बात कही और पुलिस को सुनवाई पूरी होने तक आगे की कार्रवाई को लेकर निर्देश दिए थे।

तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शिकायत के आधार पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायत में समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, आईटी एक्ट और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। TVK ने राष्ट्रीय महिला आयोग से भी संपर्क कर कथित टिप्पणी की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
TVK नेताओं ने आरोप लगाया कि उदयनिधि की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली थी। पार्टी ने सार्वजनिक माफी और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आगे की स्थिति कोर्ट की सुनवाई और जांच प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।