1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया शुरू, 54,301 मतदाता करेंगे मतदान

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया शुरू, 54,301 मतदाता करेंगे मतदान

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 29 सितंबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। 6 अक्टूबर तक नामांकन, 7 अक्टूबर को जांच और 9 अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। जरूरत पड़ने पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। इस निर्वाचन क्षेत्र में 17 जिलों के 54,301 मतदाताओं के लिए 200 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया शुरू, 54,301 मतदाता करेंगे मतदान

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। गोरखपुर मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह ने चुनाव कार्यक्रम, मतदाताओं की संख्या और मतदान केंद्रों से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

6 अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे नामांकन

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू हुई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नाम वापसी के लिए 9 अक्टूबर अंतिम तारीख रखी गई है। यदि मतदान की आवश्यकता पड़ती है तो 23 अक्टूबर को वोटिंग कराई जाएगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

17 जिलों में बनाए गए 200 मतदान केंद्र

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का दायरा तीन मंडलों के 17 जिलों तक फैला हुआ है। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 200 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार यहां 54,301 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की तैनाती और अन्य चुनावी तैयारियों को लेकर संबंधित जिलों में काम किया जा रहा है।

 

चुनाव के साथ आचार संहिता भी प्रभावी

निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मंडलायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी संबंधित पक्षों को निर्वाचन नियमों और आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

मतदाताओं से स्वतंत्र होकर मतदान की अपील

मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल स्वतंत्र रूप से करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव, भय या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपनी पसंद के उम्मीदवार का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से जुड़ी किसी समस्या या शिकायत की स्थिति में मतदाता संबंधित अधिकारियों अथवा रिटर्निंग ऑफिसर से संपर्क कर सकते हैं।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...