मध्य प्रदेश: शिवपुरी में रविवार को आयोजित ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर पलटवार किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. मिश्रा ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश में वोट चोरी नहीं हो रहे हैं, बल्कि जनता जागरूक हो चुकी है।
‘जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया’
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि वोट चोरी नहीं हो रहे हैं। उनके मुताबिक, जनता अब जागरूक हो गई है और उसने ऐसे लोगों को वोट देना बंद कर दिया है, जिन्हें वह ‘चोर’ कहकर संबोधित कर रहे थे।भाजपा नेता ने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग भी की। उन्होंने चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी टिप्पणी की।
‘कभी हाइड्रोजन बम, कभी सुतली बम’
डॉ. मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कई चुनाव हार चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। डॉ. मिश्रा के मुताबिक, अपनी राजनीतिक साख और नेतृत्व पर उठ रहे सवालों से बचने के लिए राहुल गांधी समय-समय पर नए आरोप और मुद्दे सामने लाते हैं।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी ‘हाइड्रोजन बम’ तो कभी ‘सुतली बम’ लेकर आते हैं, लेकिन उनके दावे आखिर में ‘फुस्स’ निकल जाते हैं।
चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी के आरोप
राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग और मतदाता सूची से जुड़े आरोप लगाए जाते रहे हैं। इन आरोपों के जवाब में भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शिवपुरी में पत्रकारों के सामने कांग्रेस नेता पर राजनीतिक हमला बोला।इस दौरान उनका मुख्य फोकस कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व पर रहा। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के लिए वोट चोरी को जिम्मेदार ठहराने के बजाय राजनीतिक नेतृत्व को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।शिवपुरी में डॉ. नरोत्तम मिश्रा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में चुनाव आयोग, मतदाता सूची और चुनावी नतीजों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में है।
कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट