दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जामनगर हाउस में आज नामांकन पत्र भरने पहुंचे, लेकिन पहले से वहां मौजूद निर्दलीय उम्मीदवारों के विरोध के कारण कई घंटे से ज्यादा वक्त से फंसे हैं। केजरीवाल 12 बजे के करीब जामनगर हाउस स्थित डीएम के ऑफिस पहुंचे थे, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवारों ने उन्हें तुरंत ऐंट्री देने से यह कहकर रोका कि वे पहले से यहां अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। जबकि केजरीवाल का टोकन नंबर 45 है। अब केजरीवाल रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में अपनी बारी आने की प्रतीक्षा में बैठे हैं।
इससे पहले केजरीवाल सोमवार को पर्चा भरने पहुंचे थे लेकिन रोड शो में देरी होने के कारण वो लेट हो गए और अपना पर्चा दाखिल दाखिल नहीं कर पाए। लेकिन आज केजरीवाल अपनी माता- पिता, पत्नी और बेटे के साथ नामांकन पत्र भरने के लिए आए हैं।
केजरीवाल ने अपने इलेक्शन ऐफिडेविट में कुल 2 करोड़ 9 लाख रूपये की संपत्ति घोषित की है। उन्होंने बताया कि उनके पास 2 लाख 26 हजार रुपये नकद के अलावा पत्नी के पास 300 ग्राम सोना, 24 ग्राम चांदी और कौशांबी में 56 लाख की कीमत का फ्लैट है। जबकि गुरूग्राम में पत्नी के नाम एक करोड़ रूपये कीमत की फ्लैट, विरासत में मिली 37 लाख रूपये की संपत्ति, उपहार में मिली एक वैगन कार है। उन्हें विधायक के रूप में प्रत्येक महीने 35 हजार रूपये मिलते हैं। उन्होने हलफनामें में बताया कि पत्नी सुनीता के नाम 41 लाख रूपये का कर्ज है।