दिल्ली में हो रही हिंसा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है, शाहीन बाग का मामला अभी थमा नहीं था कि अब एक बार फिर से दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ हिंसक हो गई है। इसपर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के हालातों को देखते हुए कहा कि अब वहां सेना को तैनात कर देना चाहिए।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की हालत बदतर होती जा रही है। यदि प्रधानमंत्री कार्यालय फिर से शांति चाहता है तो इस क्षेत्र को सेना के सुपुर्द कर देना चाहिए। पुलिसवालों ने अपनी ड्यूटी में लापरवाही दिखाई औऱ उन्मादी भीड़ के साथ नजर आई। जिंदगियों को सुरक्षित करने का एक मात्र उपाय अब क्षेत्र को सेना के हवाले कर देना ही है।
बताते चले कि, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में भजनपुरा चौक के नजदीक दो समुदायों के बीच फिर से पत्थरबाजी शुरू हो गई है। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में तनाव बढ़ गया है। वहीं, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से भी सेना के हाथों में सैंपने का सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, यदि इसकी आवश्यकता पड़ेगी तो निश्चित तौर पर ऐसा किया जाएगा। लेकिन फिलहाल पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। हमें आश्वासन दिया गया है कि आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।