दिल्ली की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुना गया।
पंडित पंत मार्ग स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय मंत्री ओपी धनखड़ ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। आज 20 फरवरी को वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
इससे पहले भाजपा हाईकमान ने ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था, जिन्होंने विधायकों से चर्चा कर राय जानी। इसके बाद बुधवार रात भाजपा विधायक दल की नेता रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
कैबिनेट में इन छह मंत्रियों को मिली जगह
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार में छह कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।
प्रवेश वर्मा
आशीष सूद
पंकज सिंह
मनजिंदर सिरसा
कपिल मिश्रा
रविंद्र इंद्राज
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। वे भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और नगर निगम चुनाव में महापौर पद की उम्मीदवार भी थीं। उनकी राजनीतिक यात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुई, जहां वे छात्र संघ की महासचिव रहीं। इसके बाद वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ीं और भाजपा में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए आगे बढ़ीं।
रेखा गुप्ता का प्रारंभिक जीवन
जन्म: 1974, नंदगढ़ गांव, जुलाना तहसील, जींद, हरियाणा
शिक्षा: एलएलबी स्नातक, पेशे से वकील
राजनीतिक जुड़ाव: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरुआत
परिवारिक पृष्ठभूमि: उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत थे, जिसके चलते परिवार दिल्ली आकर बसा।