रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर गठित विशेषज्ञ कमेटी की सिफारिश पर AIIMS दिल्ली, मरीजों को जल्द राहत देने के लिए दो पालियों में ऑपरेशन थिएटर चलाएगा। जिसकी चारों ओर तारीफ हो रही है। अब अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली के दो पालियों में ऑपरेशन थिएटर चलाने से मरीजों की सर्जरी जल्द से जल्द हो सकेगी। साथ ही उन मरीजों को भी आसानी होगी जो लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण एम्स में सर्जरी नहीं करा पा रहे थे।
आपको बता दें कि दिल्ली AIIMS के इस निर्णय से देश के विभिन्न राज्यों के ऐसे मरीजों के लिए यह बड़ी राहत की बात है। इसके साथ ही कमेटी ने मरीजों को राहत देने वाली कुछ अन्य सिफारिशें भी की हैं। इसमें अब आपातकालीन विभाग में कार्डियोलाजी व न्यूरोलाजी के विशेषज्ञ डाक्टर 24 घंटे मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं, कमेटी ने 500 रुपये मूल्य तक के शुल्क वाली सभी चिकित्सीय जांचें निशुल्क करने की भी सिफारिश की है, जो आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बड़ी राहत की बात है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान देश का सबसे प्रतिष्ठित अस्पताल है। यहां विभिन्न राज्यों से लोग बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन मरीजों के अत्यधिक दबाव के कारण उन्हें कई बार निराशा हाथ लगती है।
ऐसे में विशेषज्ञ कमेटी द्वारा की गई सिफारिशें उम्मीद जगाती हैं कि सर्जरी के लिए मरीजों का इंतजार का समय अब घटेगा और उन्हें बेहतर व सस्ता इलाज मिल सकेगा। अब देखना यह है कि विशेषज्ञ कमेटी की इन सिफारिशों को कितना जल्द लागू किया जाता है।