खंडवा में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे शहर के छह वार्डों के पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने खानसावली क्षेत्र के पीछे बड़गांव भीला रोड स्थित नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा नाले पर अवैध रूप से क्रॉसिंग बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे स्थानीय रहवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में जल निकासी और अन्य समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
पार्षदों ने हाल ही में किशोर नगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि एक मंदिर में लगभग 20 लाख रुपये की चोरी हुई थी। आरोपियों के इसी क्षेत्र से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पहले नगर निगम की टीम ने नाले पर बने अतिक्रमण और पाइप लाइन को हटाने की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन विरोध के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा था। इससे अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी हुई है।
भाजपा के छह पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले से अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र में व्यवस्था को सुचारु किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।