दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज 1 बजे कोरोना वायरस को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन से निर्माण भवन में मुलाकात करेंगे। चीन में फैले कोरोना नाम के खतरनाक वायरस ने कई देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। चीन में अब तक तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई हजारों लोगों में इसके लक्षण पाए गए हैं।
बताते चलें कि, इस वायरस ने अब तक चालीस से भी ज्यादा देशों में अपने पांव पसार चुका है। तो वहीं, अब भारत में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। जहां शुरुआती दिनों में इससे केवल तीन लोग पीड़िता पाए गए थे तो अब, कोरोना वायरस के चपेट में 30 लोग आ चुके हैं। इसके बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली के सभी प्राइमरी स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि, कोरोना वायरस के मद्देनजर दिल्ली के सभी सरकारी और निजी प्राइमरी स्कूल (कक्षा 5 वीं तक) कल से 31 मार्च तक बंद रहेंगे। आपको बता दें कि, देश में अब तक इस वायरस के 30 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 14 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
14 भारतीयों में से केरल में मिले तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बाकी 11 मरीजों में दिल्ली, तेलंगाना, जयपुर और गुड़गांव में एक-एक मरीज हैं। इसके साथ ही आगरा में एक ही परिवार के छह मरीज मिले हैं।