नई दिल्ली : नये साल के शुरूआत के साथ ही देश के पांच राज्यों में चुनावी बिगुल बज चुका है। इसे लेकर सभी पार्टियां जी तोड़ मेहनत कर रहे है। आपको बता दें कि इस साल पश्चिम बंगाल के साथ-साथ तमिलनाडु में भी चुनाव होने हैं, जिसे लेकर कांग्रेस पूरी तरह तत्पर है। अपने इसी तत्परता को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी जलीकट्टू पर्व पर तमिलनाडु को गये। जहां उन्होंने तमिल कल्चर की जमकर तारीफ की।
इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी जमकर हमला किया और किसानों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सरकार सिर्फ किसानों को नजरअंदाज ही नहीं कर रही बल्कि वो उन्हें बर्बाद करने की साजिश भी कर रही है क्योंकि वो अपने दो-तीन दोस्तों को लाभ पहुंचाना चाहते हैं। वो किसानों की जमीन, उनकी उपज लेकर उसे अपने दो-तीन दोस्तों को देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि आप किसानों को दबा सकते हैं और यह देश समृद्ध होता रहेगा, तो उन्हें हमारे इतिहास को देखना होगा। जब भी भारतीय किसान कमजोर होते हैं, भारत कमजोर होता है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर किसानों के दमन करने का भी आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि आप किसानों का दमन कर रहे हैं। आप मुट्ठी भर व्यवसायों की मदद कर रहे हैं। जब कोरोना आता है, तो आप आम आदमी की मदद नहीं कर रहे हैं। आप किसके प्रधानमंत्री हैं? क्या आप भारत के लोगों या 2-3 चुने हुए व्यापारियों के प्रधानमंत्री हैं?।
उन्होंने कहा कि मेरी बात याद रखना। सरकार इन कानूनों (तीन #FarmLaws) को वापस लेने के लिए मजबूर हो जाएगी। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने ये बातें तमिलनाडु के मदुरै में की। आपको बता दें कि इस दौरान राहुल द्रमुक नेता के साथ भी नजर आएं। इसके बाद से ये कयास लगना शुरू हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और द्रमुक साथ नजर आएंगे।