1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का कैंडल मार्च, दिवंगत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि

NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का कैंडल मार्च, दिवंगत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि

बुरहानपुर के शाहपुर नगर में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई।

By: Nivedita 
Updated:
NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का कैंडल मार्च, दिवंगत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले के बाद जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कैंडल मार्च जय स्तंभ चौराहे से शुरू होकर महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा तक निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र महाजन और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह पाटील ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले ने देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। उनका आरोप था कि सरकार इस मामले में पर्याप्त सख्ती नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हितों के लिए आवाज उठाती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के सम्मान और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...