Kargil Vijay Diwas : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस ऐतिहासिक दिन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब 2004 से 2009 तक UPA-1 की सरकार थी, तब कारगिल विजय दिवस कभी नहीं मनाया गया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के एक सांसद ने यहां तक कह दिया था कि “यह युद्ध तो NDA सरकार के समय लड़ा गया, हम क्यों मनाएं?” शिवराज सिंह ने इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रविरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।
शिवराज ने आगे कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते अब देश का भी विरोध करने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलती है और उनके बयान पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उद्धृत करता है। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों को भी राष्ट्रहित के खिलाफ बताया।
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की मानसिकता को राष्ट्रविरोधी बताते हुए सवाल किया कि क्या इस प्रकार के बयान और शंका देशभक्ति की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, बलिदान और देशभक्ति ने भारत माता का मान बढ़ाया है। उन्होंने देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सेना के सभी वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।