मध्य प्रदेश में कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी को मंगलवार को एक बार फिर से तगड़ा झटका लगा है। विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत आज बीजेपी मे शामिल हो गए। वह छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। रामनिवास रावत ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहे। रामनिवास रावत को मध्य प्रदेश में ओबीसी का बड़ा चेहरा माना जाता है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ जब कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (rahul gandhi) भिंड जिले के दौरे पर थे और पड़ोसी जिले श्योपुर में कांग्रेस के कद्दावर नेता भाजपा ज्वाइन कर रहे थे।
6 बार से कांग्रेस के विधायक रहे और पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत (ramniwas rawat) का क्षेत्र में अलग ही कद है। जानकारों का मानना है कि भाजपा में जाने के बाद उनका कद और भी उभरेगा। सरकार में भी उनकी भूमिका लगभग तय है और मोहन कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले दिग्विजय सरकार में रामनिवास रावत मंत्री पद पर रह चुके हैं और 2003 से लगातार विपक्ष में बैठे थे।
कांग्रेस को इसी मंच पर दोहरा झटका लगा है। रामनिवास रावत के साथ ही मुरैना की महापौर शारदा सोलंकी भी भाजपा में शामिल हो गई। पिछले कुछ समय से शारदा सोलंकी के भी भाजपा में जाने की अटकलें चल रही थीं। पिछले दिनों महापौर सोलंकी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत भाजपा के कई सीनियर नेताओं से मुलाकात की थी। इसी के बाद माना जा रहा था कि जल्द ही शारदा सोलंकी भी भाजपा ज्वाइन कर सकती हैं।
आपको बता दे कि सिंह सिकरवार को लोकसभा का टिकट दिए जाने से रामनिवास रावत नाराज थे। इसी के चलते रामनिवास कांग्रेस का हाथ छोड़ रहे हैं। रामनिवास रावत कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता हैं। रावत श्योपुर की विजयपुर विधानसभा से छठवीं बार के विधायक हैं। अब तक विजयपुर से 8 बार चुनाव लड़ चुके हैं। उन्हें भाजपा के पूर्व विधायक बाबू लाल मेवरा और सीताराम आदिवासी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
रावत कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। वह मुरैना-श्योपुर लोकसभा सीट से 2 बार लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके है। दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। रामनिवास रावत श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं।