रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामीं ने बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान CM धामीं ने रक्षा मंत्री से सामरिक महत्व को देखते हुए टनकपुर-बागेश्वर रेल लाईन ब्रॉडगेज की स्वीकृति के लिये रक्षा मंत्रालय के स्तर से भी पहल करने का अनुरोध किया है। इसके इसके साथ ही सीएम धामीं ने रक्षा मंत्री से इस मुलाकात में जखोली, रुद्रप्रयाग में स्वीकृत सैनिक स्कूल की अवस्थापना सुविधाओं के लिए एमओयू में संशोधन करते हुए केंद्रीय सहायता मांगी है।
इसके बाद CM धामीं ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी मुलाकात की, जहां उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान सीएम धामीं ने कहा कि राज्य के क्षेत्रीय सामाजिक सांस्कृतिक और पर्यटन के विकास और सामरिक दृष्टिकोण से रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा टनकपुर और बागेश्वर के बीच नैरोगेज रेलवे लाईन हेतु सर्वे का आदेश दिया गया है।
आपको बता दें कि चीन और नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास स्थित होने की वजह से यह रेल लाईन सामरिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही यह नये व्यापार केन्द्रों को भी जोड़ेगी।
सीएम धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जानकारी दी कि उत्तराखंड में एक अतिरिक्त सैनिक स्कूल जखोली, जिला रुद्रप्रयाग में खोले जाने की स्वीकृति दी गई थी। इसके लिए रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तराखंड राज्य के बीच एमओयू साइन किया गया था। सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए उत्तराखंड द्वारा अवस्थापना संबंधी सुविधायें उपलब्ध करायी जानी थीं।
इसपर सीएम ने राज्य के सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए एमओयू में संशोधन करते हुए अवस्थापना विकास के लिए वित्तीय सहायता भारत सरकार द्वारा प्रदान किये जाने का आग्रह किया।