उज्जैन : मध्यप्रदेश के उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानी। मुख्यमंत्री हेलिपैड से सीधे सेवा सहकारी संस्था दताना के नागझिरी स्थित Adani Agro साइलो उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने गेहूं खरीदी प्रक्रिया, तुलाई व्यवस्था, भंडारण और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से खरीदी कार्य की विस्तृत जानकारी ली और केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने तुलाई, स्लॉट बुकिंग और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े अनुभव साझा किए, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत ध्यान देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्लॉट बुकिंग, तुलाई और भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि किसानों को समय पर उनका हक मिल सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि उपार्जन केंद्रों पर सुविधाएं बेहतर रहें और किसी तरह की लापरवाही न हो।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और उपार्जन केंद्र से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं खरीदी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और मुख्यमंत्री का यह औचक निरीक्षण इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल सके।