1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: गोपालकों को सरकार की ओर से मिल रहा है पूर्ण प्रोत्साहन – CM डॉ. मोहन

MP News: गोपालकों को सरकार की ओर से मिल रहा है पूर्ण प्रोत्साहन – CM डॉ. मोहन

CM डॉ. यादव ने गौमाता पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर व पोस्टर किया लॉन्च

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: गोपालकों को सरकार की ओर से मिल रहा है पूर्ण प्रोत्साहन – CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास, भोपाल में गौमाता पर केंद्रित फिल्म गोदान का ट्रेलर लॉन्च किया और फिल्म के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यह फिल्म 6 फरवरी को प्रदेशभर में रिलीज की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं जनप्रतिनिधियों के साथ फिल्म ‘गोदान’ देखने जाएंगे।

गौसेवा से जुड़ा है मेरा जीवन : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं बाल्यकाल से ही गोपालन और गौसेवा से जुड़े रहे हैं। गौमाता केवल दूध ही नहीं देतीं, बल्कि वातावरण को सकारात्मक बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गौसेवा से मिलने वाला संतोष अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के युग से ही गौमाता का महत्व भारतीय संस्कृति में सर्वोपरि रहा है और यह परंपरा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

गौशालाओं और गोपालकों के लिए सरकार के ठोस प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक के उपयोग से बड़ी गौशालाओं के संचालन और गौवंश संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि:-

  • गौशालाओं को प्रति गाय आहार के लिए दी जाने वाली राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।

  • गोपालकों को दूध विक्रय पर प्रति लीटर 8 रुपये तक अतिरिक्त लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।

  • प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के साथ अनुबंध किए गए हैं।

  • जबलपुर और ग्वालियर के दुग्ध संयंत्रों के नवीनीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।

युवाओं को पशुपालन से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उच्च शिक्षा में पशुपालन से संबंधित पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है, ताकि युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। सरकार बहुआयामी प्रयासों के माध्यम से प्रदेश को दुग्ध उत्पादन और गौसंरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों को बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामधेनु फिल्म प्रोडेक्शन और फिल्म के निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी सहित अजीत प्रसाद महापात्र, शान्तनु शुक्ला, डॉ. इन्द्रेश प्रताप सिंह, डॉ. मधुसूदन शर्मा और वेदपाल झा को इस प्रेरणादायी फिल्म के निर्माण के लिए बधाई दी।

पंचगव्य उत्पादों का भी हुआ शुभारंभ

इस अवसर पर गौसेवा से जुड़े पंचगव्य उत्पादों का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे उत्पाद न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गोपालकों की आय बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होंगे। फिल्म ‘गोदान’ के माध्यम से गौसंरक्षण, गोसेवा और ग्रामीण संस्कृति को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है, जिसे सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...