मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार सुबह उज्जैन में आयोजित ‘आनंद उत्सव राहगीरी’ कार्यक्रम में बिल्कुल अलग और आत्मीय अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और अपनी सादगी से वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
राहगीरी उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पारंपरिक परिवेश में खुद बैलगाड़ी की लगाम थामकर उसे आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री की यह सादगी और ग्रामीण संस्कृति से जुड़ा यह दृश्य देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने शंख और खड़ताल बजाकर भजन भी गाया। साथ ही धर्म ध्वजा लहराकर सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक परंपरा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री को इस रूप में देखकर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साहित नजर आए।

राहगीरी उत्सव से पहले मुख्यमंत्री ने उज्जैन में पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता संदेश दिया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

राहगीरी आनंदोत्सव में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में अंटी (कंचे), रस्सीकूद, बोरा दौड़, सितोलिया जैसे पारंपरिक खेल… गरबा, मालवी और हरियाणवी नृत्य… योग, एरोबिक, मलखंभ और अखाड़ा प्रदर्शनने लोगों को खूब आकर्षित किया। बड़ी संख्या में परिवारों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम स्थल पर खान-पान के कई स्टॉल लगाए गए। कृषि विभाग की ओर से मोटे अनाज से बने हलवा, लड्डू और खिचड़ी का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके अलावा पोहा, जूस, फल, अंकुरित आहार और सूप के स्टॉल भी लगाए गए। प्रेस क्लब उज्जैन द्वारा दूध-जलेबी का निःशुल्क वितरण किया गया।

राहगीरी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ‘उड़ान’ कार्यक्रम में मानसिक रूप से कमजोर और दृष्टिबाधित बच्चों से मुलाकात करेंगे। वे बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री अटल परिसर, फाजलपुरा में निर्मित नए स्पोर्ट्स एवं एंटरटेनमेंट कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे, जिसकी लागत लगभग 28.31 करोड़ रुपये है। साथ ही आरडी गार्गी मेडिकल कॉलेज के नए ऑडिटोरियम एवं कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन, कॉलेज के रजत जयंती समारोह में सहभागिता और हरि फाटक पुल को दो लेन से छह लेन करने के कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे।

उज्जैन के राहगीरी आनंदोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सादगी, परंपरा से जुड़ाव और आमजन के साथ सहज सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि संस्कृति, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता को भी समान महत्व दे रही है।