देहरादून/चिन्यालीसौड़। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान न केवल जनता की समस्याएं सुनीं, बल्कि प्रोटोकॉल से इतर एक मानवीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बीजेपी बूथ अध्यक्ष की बेटी के शादी समारोह में शामिल होकर हल्दी की रस्म निभाई और परिवार को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दूरदराज से आए नागरिकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनने और पारदर्शी व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को जानकारी मिली कि बीजेपी के बढ़ेथी बूथ अध्यक्ष उत्तम सिंह रावत की पुत्री आशिका रावत का विवाह समारोह चल रहा है। यह सुनते ही मुख्यमंत्री ने औपचारिक कार्यक्रम से अलग हटकर सीधे बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचने का निर्णय लिया। उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं दीं और विवाह-पूर्व हल्दी समारोह में परिजन की तरह सहभागिता निभाई। मुख्यमंत्री की अचानक उपस्थिति से परिवारजन और स्थानीय कार्यकर्ता भावुक हो उठे। एक साधारण कार्यकर्ता के घर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पहुंचना सभी के लिए प्रेरणादायक क्षण बन गया।

मुख्यमंत्री धामी का यह कदम संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति उनके आत्मीय संबंधों को दर्शाता है। उन्होंने यह संदेश दिया कि पार्टी की असली शक्ति बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और उसका सम्मान केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आत्मीयता से होना चाहिए। चिन्यालीसौड़ में जनसंवाद और एक कार्यकर्ता के परिवार में सहभागिता-इन दोनों घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री धामी प्रशासनिक दृढ़ता के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी समान महत्व देते हैं।