बुरहानपुर जिले के ग्राम पंचायत बाकड़ी के अंतर्गत आने वाला नादियामाल क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। इस क्षेत्र के करीब 200 से 250 परिवार कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। पेयजल की गंभीर समस्या के चलते ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को रोजाना पहाड़ों से पानी लाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी जोखिम उठाना पड़ता है।

सड़क सुविधा के अभाव में गांव मुख्यधारा से कटा हुआ है और बरसात के समय नदी-नाले उफान पर होने से संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। ऐसी स्थिति में एंबुलेंस जैसी आपात सेवाएं भी नहीं पहुंच पातीं, जिससे गर्भवती महिलाओं, बीमार बुजुर्गों को गंभीर खतरा बना रहता है।
गांव में बिजली, आंगनवाड़ी और स्कूल की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट