डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:45 बजे उज्जैन से भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद 10:30 बजे विधानसभा पहुंचकर 11:00 बजे सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे।
दोपहर 12:55 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां 1:00 बजे वे राज्य वन्य प्राणी बोर्ड की 31वीं बैठक एवं राज्य स्तरीय स्टेयरिंग कमेटी की तृतीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता और संबंधित नीतिगत विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
दोपहर 3:00 बजे मुख्यमंत्री भोपाल में अत्याधुनिक साइबर पंजीयन (इ-रजिस्ट्री) कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम महानिरीक्षक पंजीयन भवन, अरेरा हिल्स में आयोजित होगा। लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी उपस्थित रहेंगे। नया साइबर पंजीयन कार्यालय आधुनिक सॉफ्टवेयर, सुरक्षित सर्वर और उन्नत आईटी अवसंरचना से सुसज्जित रहेगा। इससे रजिस्ट्री प्रक्रिया अधिक सरल, तेज़ और पारदर्शी बनेगी, साथ ही डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। यह पहल राज्य में डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री शाम 4:25 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, भोपाल में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 8:30 बजे वे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन स्थित बंसल प्लाजा में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात 9:00 बजे अपने निवास पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के इस व्यस्त और महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।