1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Rajya Sabha Elections: भाजपा कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, निर्वाचित सांसदों को दी बधाई

Rajya Sabha Elections: भाजपा कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, निर्वाचित सांसदों को दी बधाई

भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यसभा के निर्विरोध निर्वाचित सांसद रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया।

By: BS Yadav 
Updated:
Rajya Sabha Elections: भाजपा कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, निर्वाचित सांसदों को दी बधाई

भोपाल: राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों रजनीश अग्रवाल और महेश केवट के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पार्टी कार्यालय पहुंचे और दोनों नवनिर्वाचित सांसदों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री महेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राष्ट्रीय महामंत्री अजय जामवाल सहित कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने दोनों सांसदों का स्वागत कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव से जुड़े विवाद पर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आपत्ति दर्ज कराई थी।

ad

ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार द्वारा आवश्यक जानकारी छिपाई जाती है तो चुनाव प्रक्रिया के तहत उस पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से नियमों के अनुरूप आपत्ति प्रस्तुत की गई थी और उसके बाद जो निर्णय हुआ वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुआ।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह पूरी स्थिति कांग्रेस की ओर से की गई त्रुटि का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि आवश्यक जानकारी सार्वजनिक न किए जाने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई और उसी आधार पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी घोषित हुए।

भाजपा नेताओं ने इसे संगठन की जीत बताते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्य करती है। वहीं नवनिर्वाचित सांसदों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा जताया।

राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा कार्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव परिणामों के बाद भाजपा जहां इसे अपनी वैधानिक जीत बता रही है, वहीं कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर विरोध दर्ज करा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...